बुढ़ापे की कढ़ाई

“मेरी दादी तो कमाल हैं माशा अल्ला !

आज भी इतनी दुरुस्त हैं, कि क्या कहने ?

हुनरमंदी तो उनसे सीखनी चाहिए । अभी जब बेटी को लेकर घर गई थी मायके.. उनके पास.. अम्मी तो हाथ पे हाथ धरे बैठी दिखें और दादीजान कभी टोपियाँ, कभी जुराबें, कभी स्वेटर बनाती ही रहीं.. उन पंद्रह दिनों में     मेरे लिए एक जोड़ा दस्ताना भी बुन दिया.. हद तो तब हो गई जब दादा साहब को भेज सिलाई मशीन ठीक कराई और पाँच फ़िराकें सिल डालीं, मेरी गुड़िया की.. पहना- पहना के दादा साहब को ऐसे दिखाएँ कि मैं भी न खुश होऊँ अपनी गुड़िया को देखकर.. याऽऽर ! क्या कहूँ ? अल्ला ताला उन्हें ऐसे ही उमर   नेमत करे और हम  इतनी ही ज़िंदादिल दादी देखते रहें !


“आमीन !.. 

कुसुम ने ज़ेबा की बातें सुन ख़ुशी का एलार्म बजाया.. और गहरी साँस लेते हुए कुछ सोचकर, बोली अम्मी कैसी हैं ?”


“ अरे दोस्त अम्मी का क्या कहूँ ? वो तो उमरदराज़ बुढ़िया की तरह पचपन साल की उमर में ही हो रही हैं, हर वक़्तख़ाली बैठी दादी को ही नख़रेबाज़ बताती हैं । मैंने बहुत समझाया,पर वह कहाँ सुनने वालीं ? वही पुरानी आदत ?” 


“उसी घर में में दादी नई-नई चीज़ें यूट्यूब से सीख के बुढ़ापे की कढ़ाई करती रहती हैं और अम्मी कोफ़्त में बूढ़ी हुई जारही हैं ।”


**जिज्ञासा सिंह**

टाँके

   “क्या कर रही हैं माँजी ? इतनी देर से देख रही हूँ, आप बार-बार आँख बन्द करती हैं और खोलती हैं, क्या है ? कोई बात है क्या ?”

“अरे नहीं बेटा !

कोई बात नहीं, बस कुछ सिलन टूट गई है, उसी को सिलने में लगी हूँ, पर सिल ही नहीं पा रही ।”

“बिना सुई धागे के ।”

“तुम्हें दिख नहीं रहा बस, है सुई धागा ।”

“ तो लाइए न,  मैं सिल देती हूँ”

“हुँह ! अरे बेटा ये कोई कपड़ा नहीं जो तुमसे सिलवा लूँ, ये तो फटे हुए मन की दास्ताँ है ।जब ये फट रहा था तो मैंने इसे फटने दिया, अब सीना भी तो मुझे ही पड़ेगा ।”

“ओह ! माँ जी मन का फटना तो सुना था सिलाई तो नहीं सुनी ।”

“सही कह रही हो बेटा । अब इसे सिल तो पाऊँगी नहीं न ये पहले जैसा हो ही सकता है, सोचती हूँ, ज़िंदा रहने के लिए कुछ टाँके ही लगा दूँ ।”


**जिज्ञासा सिंह**

चुनाव आवे वाला है

 “अम्मा अम्मा ई आज़ादी का है ?”

“औ ई अमरित महोत्सव तौ हम कभी सुने नाहीं ।”

“ऊ रामू कहे है कि घर घर झण्डा   लगाओ औ  देसगीत गाओ.. यही है आज़ादी ।”

“हाँ बबुआ.. ऐसै कुछू हमहूँ सुने है ।”

“तौ का अम्मा एक झण्डा हमहूँ लगाय दें”

“तू का करिहे झण्डा, झण्डा से आज़ादी का.. का मतलब, हमय लोगन का तो आज़ादी तबय है जब घर म खाय का रासन.. तन पर बसन.. औ सोवे का झुग्गी म जगह होय..झूठे झण्डा झण्डा लगाए है ।” 

“अच्छा हाँऽऽ..बबुआ.. ई तौ देस की बात है, ले दस रूपिया औ जा झण्डा ख़रीद ले औ लगा दे झुग्गी के पन्नी फाड़ के.. औ बरसात म देख नजारा जब टप्प-टप्प चुए.. औ जाड़े म पन्नी के छेद से बर्फ़ का गोला गिरे तौ हमरी छाती पर मत चिपकियो कि हाय अम्मा जड़ाय रहे..।”

“हेहेहेहे अम्मा तुम तौ..।”

“तुम तौ का..”

“अरे अम्मा हम तौ क़हत रहे कि झण्डा तौ फिरी म मिलि रहा बस लगाना है।”

“अच्छाऽऽ”

“हाँ सही कह रहे अम्मा ! पूरी बस्ती म झण्डा बँटि रहा, बड़े-बड़े साहब नेता सब बांटि रहे, ढूँढ-ढूँढ सबै दे रहे ।”

“अच्छाऽऽ”

“अब हम समझीं बबुआ ।”

ई अमरित महोत्सव.. वहोत्सव नाहीं, कौनो चुनाव आवे वाला है ।”

  

**जिज्ञासा सिंह**

व्यवहार

“पापा ये बाबा तो हर वक्त गाली ही देते रहते हैं..जब इनके पास आओ या बग़ल से गुजरो..ये अपनी छड़ी पटकते हैं और कुछ न कुछ बड़बड़ाने लगते हैं और आप कहते हैं कि मुझे इनके पास बैठना चाहिए, समय बिताना चाहिए.. सम्मान करना चाहिए..आदर करना चाहिए ।”

“अब आप ही बताइए भला ऐसे में कोई इनके साथ ज़्यादा देर तक तो नहीं बैठ सकता न.. मैं बाबा के काम कर दूँगा पर उनके साथ बैठना मुझसे न होगा न ।”

“हाँ दादी के तो मैं सारे काम भी कर दूँगा, बैठूँगा उनके पास, बात भी करूँगा, पैर तो मैं उनके दबाता ही हूँ जब वो कहती हैं ।”

“अरे बेटा बड़े बुज़ुर्ग ऐसे ही होते हैं, छोटों को ही उनके साथ सामंजस्य बैठना पड़ता है ।” राघव ने बेटे को समझाते हुए कहा..।”

“ये तो ठीक है पापा पर बिना गल्ती के बार बार गाली..मुझसे नहीं होगा..पापा..कह रहा हूँ..।”

“अर्रे उनकी उम्र हो गई बेटा जी..कुछ तो समझिए..।”

“पापा.. ये उम्र बढ़ने का क्या मतलब ? उम्र बढ़ने से तो मैं उन्हें सम्मान दे सकता हूँ पर आदर तो दादी के ही हिस्से में जाएगा क्योंकि दादी बुज़ुर्ग होने के साथ-साथ मुझसे अच्छा “व्यवहार” भी करना जानती हैं ।”

बेटा बड़ा हो रहा है.. राघव समझ चुके थे ॥

**जिज्ञासा सिंह**