गुलमोहर से इश्क़
यादों के चलचित्र
अजीब इत्तेफ़ाक है ?
अरे शर्मिष्ठा तुम ! यहाँ कैसे ?
मैं तो यहाँ छः महीने से हूँ ।
देखा नहीं कभी तुम्हें..कल ही फ़ोन पे माँ से कह रही थी मैं, कि शर्मिष्ठा आजकल पता नहीं कहाँ है ? न जाने क्यूँ तुम्हारा ख़याल कौंध रहा था ?
अरे यार ! जब तक दिल्ली में थी, रोज़ राघव की वही किच-किच कि अगर तुम आगरा में जॉब कर रही होती तो माँ बेटी को सम्भाल लेती, तुम आराम से नौकरी करती, पर तुम्हें मेरी बात समझ ही नहीं आई । हम दोनों जॉब पर चले जाते थे और बेटी आया के हवाले, इसलिए दिल्ली की जॉब छोड़ यहीं ज्वाइन कर लिया, राघव दिल्ली में ही हैं, अक्सर आ जाते हैं । माँ हैं, तो बड़ा सुकून है बेटी की तरफ़ से । उसको अच्छी तरह सम्भाल लेती हैं, बेटी भी खुश है उनके साथ । ख़ैर अब अपनी भी कुछ सुनाओ तुम्हारे क्या हाल हैं ? पतिदेव कैसे हैं ?
क्या कहूँ यार ! मेरी तो कुछ उल्टी ही कहानी है, मैंने आगरे में जॉब ही इसीलिए ली थी कि बच्चों की देखभाल बाबा-दादी के पास अच्छी तरह होगी, हम दोनों कम कमाएँगे पर माता पिता के पास रहेंगे ।
मगर यहाँ मेरी सासू माँ जब से कॉलेज से रिटायर हुई हैं रोज़ चरस किए हैं, कि तुम लोग अब बाहर निकलो आगरे से ।
हम रिटायरमेंट के बाद तुम्हारे बच्चे नहीं सम्भाल सकते । सारी उम्र नौकरी की है अब आराम से दुनिया घूमना चाहते हैं, अब हम कोई नयी ज़िम्मेदारी नहीं उठा सकते ।
उसी सिलसिले में ऑफ़िस से बात करके आ रही हूँ । अवंतिका ने शर्मिष्ठा का हाथ पकड़ते हुए कहा..
..अरेऽऽ ! शर्मिष्ठा कुछ सोचते हुए बोली एक जैसी समस्या पर तुम्हारा जाना और मेरा आना । अजीब इत्तेफ़ाक है ?
**जिज्ञासा सिंह**
बाबू जी की उमर
बस केवल एक सिप !
आखिरी स्नेह
पैरों को चूमते हुए दूब धीरे धीरे सहला रही है माली के तलवे । माली को गुदगुदी होती है, भीना सा मासूम अहसास भी ।
पर वो क्या जाने ? जाड़े में गर्म और गर्मियों में सर्द अहसास देने वाली उस नन्हीं मासूम छुईमुई दूब का सौंदर्य । जो गर्म खुरदुरी मिट्टी में एक कोपल के साथ जमती है और धीरे धीरे मिट्टी की गर्मी सोखकर अपने अंदर समाती हुई पूरे लॉन में फैल जाती है, आने जाने वाले लोग अपने रेशमी या खुरदुरे पावों को नर्म मुलायम अहसास देने के लिए पैसे से खरीदे हुए जूते उतार देते हैं और अंगड़ाई लेते हुए अपने प्रिय का हाथ पकड़े उसके दामन में पसर जाते हैं।
माली को कहते हुए आज उसने सुना है, कि अब वो पहले जैसी नहीं रह गई है, आज उसका आखिरी दिन है, क्योंकि ऋतु परिवर्तित हो चुकी है और उम्रदराज होने से उसकी रेशमी पत्तियाँ झड़ रही हैं, अतः उसे जड़ से उखाड़ कर खत्म किया जाएगा उसकी जगह कोई नई घास ले लेगी । दूब तो बस अपने माली को आखिरी स्नेह दे रही है ।
**जिज्ञासा सिंह**